LPG के बाद यूपी में गहराया अमोनिया संकट, सिलिंडर के दाम 7,200 से उछलकर 15,000 के पार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में ईंधन और रसोई गैस की महंगाई के बाद अब एक नया संकट अमोनिया गैस के रूप में सामने आया है। वैश्विक युद्ध की परिस्थितियों के चलते अमोनिया की कीमतों में दोगुने से तीन गुने तक का उछाल आया है, जिससे प्रदेश के करीब 2500 कोल्ड स्टोरेज का संचालन प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा मार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आलू बेल्ट वाले जिलों पर पड़ी है।
दामों में भारी उछाल: अलीगढ़ और इटावा में हाहाकार
प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमोनिया की कीमतों ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
- अलीगढ़: यहां 60 किलो वाला अमोनिया सिलिंडर, जो पहले 7,200 रुपये में मिलता था, अब 15,000 रुपये तक पहुंच गया है।
- इटावा: यहां संचालकों को 3 से 4 गुना अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं।
- मैनपुरी व फिरोजाबाद: पिछले साल 70 रुपये प्रति किलो मिलने वाली गैस अब 140 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है।
- आगरा: ताजनगरी के 327 शीतगृहों में सीजन की शुरुआत में भाव 350 रुपये तक पहुंच गया था, जो अब 100-130 रुपये के आसपास है, लेकिन सामान्य दिनों (60-80 रुपये) के मुकाबले अभी भी बहुत ज्यादा है।
जिलावार स्थिति: कहीं किल्लत तो कहीं ऊंचे दाम
कानपुर: 20 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ दाम 110 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। यहां 100 के करीब कोल्ड स्टोर हैं, लेकिन अभी किराया नहीं बढ़ाया गया है।
फर्रुखाबाद: यहाँ गैस रिफिलिंग प्लांट होने के बावजूद सप्लाई में देरी हो रही है। जो गैस 24 घंटे में मिलती थी, अब उसके लिए 48 घंटे का इंतजार करना पड़ रहा है।
बरेली: सीजन के बीच में भाव 220 रुपये तक चला गया था, जो अब घटकर 152 रुपये पर आया है।
राहत वाले जिले: मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर और प्रयागराज में फिलहाल पर्याप्त उपलब्धता बताई जा रही है, हालांकि लागत बढ़ने का डर यहाँ भी बना हुआ है।
कृषि अर्थव्यवस्था पर मंडराता खतरा
कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ती लागत से पूरा सिस्टम प्रभावित हो रहा है। अलीगढ़ एसोसिएशन के अध्यक्ष गिर्राज गोदानी ने मांग की है कि कोल्ड स्टोरेज को ‘उद्योग’ के बजाय ‘कृषि से जुड़ी आवश्यक सेवा’ के रूप में देखा जाना चाहिए। यदि कीमतें कम नहीं हुईं, तो इसका सीधा असर किसानों के भंडारण शुल्क और बाजार में सब्जियों (खासकर आलू) की कीमतों पर पड़ेगा।
Also Read: ‘इबादत वही जो इंसानियत की सेवा करे’, प्रयागराज में सूफी संतों की ऐतिहासिक भूमिका पर मंथन

