कांग्रेस ने देश बनाया नहीं, बांटा जरूर है, राहुल गांधी के मनुस्मृति बयान पर CM योगी का हमला

CM Yogi: रायबरेली में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति संबंधी बयान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश बनाया नहीं, लेकिन बांटा जरूर है।

योगी ने कहा कि राहुल गांधी यूपी से बाहर जाते हैं तो उत्तर प्रदेश और भारत से बाहर जाते हैं तो देश का अपमान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सेना से प्रमाण मांगते हैं और आतंक के खिलाफ देश की लड़ाई में ऐसे लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष समर्थन देते हैं।

कांग्रेस के पुराने नेतृत्व पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के प्रति उसकी आस्था भी सामने आ गई थी। राहुल गांधी के महिलाओं द्वारा मनुस्मृति के बंधन तोड़ने वाले बयान पर योगी ने उन्हें अथर्ववेद और मत्स्य पुराण पढ़ने की सलाह दी।

उन्होंने विपक्ष पर शहरी नक्सलियों के जरिए देश की वर्तमान पीढ़ी को बर्बाद करने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि रायबरेली ने एक परिवार को लंबे समय तक ढोया, लेकिन उसी परिवार ने क्षेत्र के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।

संस्थाओं के सम्मान की दी नसीहत

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री पर अपमानजनक टिप्पणी भारत की संस्था का अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी से गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचने की अपील की और कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

इससे पहले योगी ने राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से बने सभागार का लोकार्पण किया और राणा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

Also Read: मोदी-ट्रंप की मीटिंग में ‘कोई सवाल नहीं’ चाहता था भारत, अमेरिकी राजदूत का बड़ा खुलासा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.