Lucknow Crime: डीजीपी प्रशांत कुमार के नाम पर ठगी, साइबर क्राइम टीम ने ठग को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर चंदा वसूलने वाले एक ठग को गिरफ्तार कर लिया है। महज पांच दिनों के भीतर पुलिस ने इस मामले को सुलझाते हुए सहारनपुर निवासी आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया और उसके पास से घटना में इस्तेमाल एक आईफोन भी बरामद किया।
फेक इंस्टाग्राम अकाउंट से धन उगाही की साजिश
आरोपी ने 2022 में एक फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी, जहां वह विभिन्न अधिकारियों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों की फोटो आधिकारिक ट्विटर हैंडल से डाउनलोड कर पोस्ट करता था। इस फेक अकाउंट पर उसने 67 हजार से अधिक फॉलोवर्स बना लिए थे। विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए उसने इंस्टाग्राम अकाउंट को ब्लू टिक से वेरीफाई भी करवाया था।
कुछ समय बाद आरोपी ने जयपुर में हुई एक दुर्घटना में पीड़ितों की मदद के नाम पर लोगों से चंदा मांगने की योजना बनाई। इसके लिए उसने डीजीपी प्रशांत कुमार के नाम और उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में जयपुर हादसे का जिक्र करते हुए उसने अपने बैंक खाते का क्यूआर कोड जोड़कर लोगों से मदद के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने की अपील की।
फर्जी यूट्यूब चैनल का भी किया इस्तेमाल
ठगी की इस योजना में इंस्टाग्राम के अलावा एक फर्जी यूट्यूब चैनल भी शामिल था, जहां आरोपी ने डीजीपी की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर चंदा मांगने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। आरोपी की विश्वसनीयता और उसके फेक अकाउंट की प्रामाणिकता को देखकर कई लोगों ने उसके क्यूआर कोड के जरिए धनराशि ट्रांसफर कर दी।
लखनऊ के साइबर क्राइम थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 319(2) BNS और 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज पांच दिनों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: मायावती के जन्मदिन पर ‘मिशन 2027’ की शुरुआत करेगी BSP, खोई सियासी जमीन वापस पाने की कवायद

