‘सपा बहादुर’ के हिस्से सिर्फ अंतहीन इंतजार…’, केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तंज

केशव मौर्य का अखिलेश पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, बोले- "दीदी और भैया फेल, 2027 के मुंगेरीलाल के सपने देखना छोड़ें सपा प्रमुख"

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव और उनके सहयोगी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावी रुझानों का हवाला देते हुए मौर्य ने दावा किया कि अखिलेश के ‘सहयोगी क्षत्रप’ अपनी ही जमीन खो चुके हैं।

“डूबती कश्ती का सहारा ले रहे हैं अखिलेश”

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर तंज कसते हुए लिखा कि सपा प्रमुख जिन ‘दीदी’ (ममता बनर्जी) और ‘भैया’ (एम.के. स्टालिन) के दम पर यूपी में अपनी राजनीति चमकाने का सपना देख रहे थे, देश की जनता ने उन्हें हाशिए पर धकेल दिया है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं के साथ गठबंधन करना अखिलेश यादव के लिए ‘डूबती कश्ती’ का सहारा लेने जैसा है।

केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अब 2027 में सत्ता में वापसी के ‘मुंगेरीलाल के सपने’ देखना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के सुशासन के सामने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।”

डिप्टी सीएम ने ‘सपा बहादुर’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कटाक्ष किया कि मोदी जी के युग में अब सपा के नसीब में केवल ‘अंतहीन इंतजार’ ही लिखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का अटूट विश्वास सिर्फ और सिर्फ भाजपा के साथ है।

सियासी मायने: गठबंधन की विफलता को मुद्दा बना रही भाजपा

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि केशव मौर्य का यह बयान रणनीतिक है। भाजपा अब जनता के बीच यह संदेश देना चाहती है कि अखिलेश यादव के राष्ट्रीय स्तर के गठबंधन चुनावी वैतरणी पार कराने में सक्षम नहीं हैं। जहां सपा ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए 2027 की तैयारी कर रही है, वहीं भाजपा ने विपक्षी सहयोगियों की विफलता को ढाल बनाकर पलटवार शुरू कर दिया है।

Also Read: बंगाल में कमल की सुनामी, पीएम मोदी शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.