UP में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर को जोड़ने वाले ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

कार काटकर निकाले गए शव

हादसा दादरी के पास ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर हुआ। सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि पुलिस को अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल मिली।

पुलिस ने घायल बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।

मौके से ट्रक चालक हुआ फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

मौत का गलियारा बनता ईस्टर्न पेरिफेरल?

ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन बड़े हादसे होते रहते हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया कार की गति काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और कार सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी।

Also Read: योगी कैबिनेट में 27 फैसलों पर लगी मुहर, एक जनपद-एक व्यंजन को मिली मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.