‘बड़ा डॉन बनना है मुझे…’, CM योगी को धमकी देने वाला शख्स मुरैना से गिरफ्तार, STF कर रही पूछताछ
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से एसटीएफ ने पूछताछ की। सिविल लाइंस थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि व्यक्ति की पहचान मप्र के मुरैना जिले के हसई मेवड़ा गांव निवासी सुनील गुर्जर (20) के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर उप्र के मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को फोन करके आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी।
बता दें कि बीते सोमवार को धमकी मिलते ही यूपी पुलिस हरकत में आ गई। उन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस को सुनील के मुरैना में होने का पता चला। यूपी एसटीएफ और साइबर टीम तुरंत मुरैना के लिए रवाना हो गई। मंगलवार शाम को यूपी एसटीएफ की एक टीम सुनील के गांव महाराजसिंह का पुरा पहुंची। हालांकि इस दौरान सुनील के घर पर ताला लगा हुआ था।
इसी बीच सुनील गुर्जर खुद मुरैना के सिविल लाइन थाने पहुंच गया। थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों को यह देखकर हैरानी हुई। उन्होंने सुनील से धमकी देने का कारण पूछा। इस पर सुनील ने बताया कि वह ‘बड़ा डॉन’ बनना चाहता है, इसलिए उसने मुख्यमंत्री को धमकी दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने यूपी STF के अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें सुनील के थाने में आने की सूचना दी।
फिलहाल, यूपी एसटीएफ सुनील से पूछताछ कर रही है और उसका रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Also Read: UP News: फिर सुर्खियों में मुस्लिम लड़कियों की डिमांड करने वाला एटा का जेलर

