Barabanki News: बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा, जानिए क्या है पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रांची एक्सप्रेस (18610) को आगे का सिग्नल नहीं मिलने के कारण घंटों तक रोका गया। पहले से ही दो दिनों से भूखे-प्यासे यात्री परेशान थे, और जब बिना किसी पूर्व सूचना के ट्रेन को बाराबंकी में रोक दिया गया, तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
यात्रियों ने किया विरोध प्रदर्शन
मुंबई से रांची जाने वाली यह ट्रेन आमतौर पर इटारसी से बनारस होकर रांची जाती है, लेकिन रविवार को रेलवे ने इसे अचानक लखनऊ और बाराबंकी रूट पर डायवर्ट कर दिया। लखनऊ से यह ट्रेन बाराबंकी पहुंची, लेकिन उत्तर पूर्व रेलवे द्वारा आगे का सिग्नल न मिलने के कारण ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रह गई। यात्रियों के लिए न तो खाने-पीने की कोई सुविधा थी और न ही अन्य जरूरी इंतजाम। छोटे बच्चे भूख से बिलखने लगे और महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस स्थिति से आक्रोशित यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए और रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यात्री नरेंद्र सिंह ने कहा, “दो दिन से हम सफर कर रहे हैं, लेकिन रेलवे ने कोई इंतजाम नहीं किया। बाराबंकी में बिना किसी सूचना के घंटों रोक दिया गया, जिससे बच्चे भूख से तड़पने लगे। रेलवे को यात्रियों की कोई परवाह नहीं है।”
रेलवे प्रशासन हरकत में आया
बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर बढ़ते हंगामे को देखकर रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल तुरंत हरकत में आ गए। आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और यात्रियों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, नाराज यात्रियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। काफी मशक्कत के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को आश्वासन दिया और अंततः ट्रेन को रवाना किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि यात्रियों ने भोजन, पानी की कमी और ट्रेन की देरी को लेकर प्रदर्शन किया। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए और ट्रेन को आगे के गंतव्य की ओर रवाना किया।
Also Read: फूड प्लाजा की तरह प्रदेश में सभी एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ करें अस्पताल की व्यवस्था: CM योगी

