Baghpat: सपा जिलाध्यक्ष ने ऑफिस बुलाकर दी रेप पीड़िता को धमकी, पुलिस ने दर्ज की FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: यौन शोषण के एक मुकदमे में समझौता न करने पर समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने इस संबंध में सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बड़ौत (बागपत) जिले निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सतेंद्र यादव के शोरूम पर काम करती थी। आरोप है कि सतेंद्र यादव उसे गाजियाबाद ले गया, जहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर सतेंद्र ने उससे शादी करने का वादा किया और फिर कई बार घुमाने ले जाकर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा।

पीड़िता के अनुसार, इस दौरान वह गर्भवती हो गई और उसने सतेंद्र यादव से शादी करने को कहा। आरोप है कि सतेंद्र ने सोनू नामक एक व्यक्ति के माध्यम से उसे एक दवा भिजवाई। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। अस्पताल में पता चला कि जो दवा दी गई थी, वह जहरीली थी, जिसके कारण उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।

सपा जिलाध्यक्ष पर धमकी देने का आरोप

पीड़िता ने आगे बताया कि इसके बाद सतेंद्र यादव के भाई और सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने उसे बालैनी फार्म हाउस पर बुलाकर धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव और उनके भाई सतेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सतेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने उसे सोनीपत स्टैंड स्थित सपा कार्यालय में बुलाया और उस पर समझौते का दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि रविंद्र यादव ने समझौता न करने पर उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और उसके बयान बदलवा दिए। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसे अब भी धमकियां मिल रही हैं।

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

Also Read: सपा सांसद रामजी लाल सुमन सड़क हादसे में बाल-बाल बचे, करणी सेना पर टायर फेंकने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.