यूपी में तेज गर्मी की दस्तक, 14 मई से लू का अलर्ट, 15 से अधिक जिलों में पारा 40 डिग्री पार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते दो दिनों से राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। दोपहर के समय की तीव्र गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन से चार दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही 14 मई से राज्य के पूर्वी और तराई इलाकों में लू (हीट वेव) चलने की संभावना जताई गई है।

रविवार को वाराणसी, कानपुर, बस्ती, बहराइच, बलिया सहित प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 14 मई से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में लू चल सकती है। उन्होंने कहा कि लोग सतर्क रहें और आवश्यक एहतियात बरतें।

हालांकि, रविवार को प्रदेश के दक्षिणी जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर और वाराणसी में छिटपुट बूंदाबांदी के भी आसार हैं, लेकिन इससे गर्मी में विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय करें।

Also Read: Gonda News: बिना परमिट के काट डाले सागौन के पच्चीस पेड़, मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.