Kaushambi: कुख्यात बदमाश संतोष उर्फ राजू एनकाउंटर में ढेर, बुलेटप्रूफ जैकेट से बची SHO और दरोगा की जान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शनिवार देर रात कोखराज थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी संतोष उर्फ राजू मारा गया। यह मुठभेड़ रात करीब 11 बजे ककोढा हाईवे किनारे हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में कोखराज थाने के एसएचओ चंद्रभूषण मौर्य और एक दरोगा की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, गनीमत ये रही कि दोनों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। इस वजह से दोनों सुरक्षित हैं।
पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाश संतोष के सीने में छह गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत शुक्रवार को हुई, जब राजस्थान के अजमेर निवासी ट्रक चालक साबरमल मीणा (40) गुजरात से तांबे की तार लादकर प्रयागराज के सूबेदारगंज के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में लदे कॉपर वायर की अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है।
कोखराज क्षेत्र में हाईवे पर अपराधी संतोष उर्फ राजू और उसके दो साथियों ने एक अर्टिगा कार से ट्रक को ओवरटेक कर उसे रोका और ड्राइवर को गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने उसे वायर बेचने के लिए मनाने की कोशिश की और हिस्सेदारी का लालच दिया। जब ड्राइवर ने मना कर दिया, तो संतोष ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। ट्रेलर को लूट कर प्रतापगढ़ के पास छिपा दिया गया।
बदमाशों ने पुलिस पर की थी फायरिंग
शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश कॉपर वायर बेचने की फिराक में है। पुलिस ने दबिश देकर संतोष और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में संतोष ने अपराध कबूल किया, जिसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर हथियार बरामद कराने ले गई। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी एक पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
एसपी राजेश कुमार के अनुसार, मारा गया अपराधी जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के पोरई कला गांव का निवासी था और उस पर आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें कुछ केस मुंबई में भी दर्ज हैं। घटना में शामिल उसके दो साथी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह गिरोह मुख्य रूप से हाईवे पर रेकी कर महंगे माल से भरे ट्रकों को निशाना बनाता था और हथियार के बल पर लूटपाट करता था। पुलिस अब गैंग के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
Also Read: सपा-ब्रजेश पाठक के जुबानी जंग तेज, अखिलेश यादव बोले- अपने भीतर के अच्छे इंसान से क्षमा मांगिए

