पंचायत चुनाव से पहले सपा में घमासान, मेरठ में जिलाध्यक्ष ने अपने ही नेताओं को बताया चोर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारी जोरों पर है, लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा) में चुनाव से पहले ही अंदरुनी खींचतान सामने आ रही है। मेरठ में सपा के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी की नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने पार्टी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कुछ नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें चोर तक कह डाला।

मैं इसी शहर का बच्चा हूं, सब जानता हूं

बैठक में उन नेताओं की गैरहाज़िरी पर नाराज होते हुए जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं मेरठ का ही हूं, इसलिए सबकी हकीकत जानता हूं। मैं संघर्ष करता आया हूं और करता रहूंगा। चौधरी ने साफ तौर पर आरोप लगाया कि कुछ नेता सिर्फ दिखावे का काम कर रहे हैं और खुद को कार्यकर्ता नहीं बल्कि उम्मीदवार समझते हैं।

नेताओं पर गंभीर आरोप

जिलाध्यक्ष ने आगे कहा, सपा संगठन की जमीनी हकीकत यह है कि यहां कुछ लोग केवल नेताजी (अखिलेश यादव) से मिलने दिल्ली चले जाते हैं, जबकि असली संघर्ष हम कार्यकर्ता कर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसे नेता पार्टी की मजबूती की बजाय केवल अपनी सियासी महत्वाकांक्षा में लगे हुए हैं।

कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया

हालांकि इस नाराजगी के बीच विपिन चौधरी ने सपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित भी किया। उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुट जाने को कहा और हर तरह से समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव 2025 के अंत में होने की संभावना है और यह चुनाव 2027 के विधानसभा चुनावों की बुनियाद तय कर सकते हैं।

Also Read: 14 साल की मेहनत से लिखी उर्दू में रामायण, बाराबंकी के विनय बाबू ने पेश की एक नई मिसाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.