‘आई एम सॉरी पापा…’, लखनऊ में सुसाइड नोट लिखकर BBA छात्र ने की आत्महत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पत्रकारपुरम में रहने वाले 19 वर्षीय बीबीए छात्र वासुदेव मलिक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इसी दिन रात 12 बजे उसने हंसते हुए अपनी मां का जन्मदिन मनाया, केक काटा और तस्वीरें भी खिंचवाईं। कुछ घंटे बाद जब घरवालों ने उसे देखा तो वह पंखे से लटका मिला।

वासुदेव मलिक एक निजी विश्वविद्यालय में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था और अपने माता-पिता के साथ पत्रकारपुरम स्थित आवास में रहता था। उसके पिता चंदन मलिक रायबरेली रोड पर अन्नपूर्णा स्पोर्ट्स एकेडमी चलाते हैं, जबकि मां दीप्ति गृहिणी हैं।

परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले वासुदेव का एक ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा था। धीरे-धीरे वह खुद को सबसे अलग करने लगा और डिप्रेशन में चला गया था। परिजनों को अंदाजा नहीं था कि उसकी मनोदशा इतनी बिगड़ चुकी है।

सुसाइड नोट बरामद

सोमवार को जब वह घर में अकेला था, तब यह घटना घटी। देर शाम जब माता-पिता लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने और आवाज लगाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का मंजर देख मां-पिता की चीख निकल गई वासुदेव पंखे से लटका हुआ था। उसके पास एक सुसाइड नोट मिला जिसमें बस एक लाइन लिखी थी: “आई एम सॉरी पापा।”

परिजनों ने बताया कि रात को वह बिलकुल सामान्य लग रहा था। उसने मां के जन्मदिन के लिए खुद केक लाकर पार्टी की तैयारी की और पूरे जश्न में शामिल रहा। उसके व्यवहार से ऐसा कुछ भी महसूस नहीं हुआ कि वह भीतर से इतना टूटा हुआ है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और फिलहाल परिजन किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

Also Read: ‘रिश्वत ने मेरा बेटा छीन लिया’, कानपुर सुसाइड केस में छलका पिता का दर्द, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.