Lucknow: चेन स्नेचिंग गैंग का खुलासा, नाबालिग और दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में चैन स्नेचिंग की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पूर्वी जोन की सर्विलांस/क्राइम टीम और गोमतीनगर थाने की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के पास से सात सोने की चेन के टुकड़े, दो लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस राइडर बाइक बरामद की गई है।
टुकड़ों में बंटी चेन
पुलिस के मुताबिक, 11 जून को गरिमा राय नाम की महिला ने गोमतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन बाइक सवार युवकों ने उनकी सोने की चेन छीन ली। इसी मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू हुई और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें बनाई गईं। जांच के दौरान हनीमैन चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करते हुए पुलिस ने उन्हें खरगापुर क्रॉसिंग के पास पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विमल रावत (20 वर्ष) और सिद्धार्थ यादव (19 वर्ष) शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी एक 16 वर्षीय नाबालिग है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने 8 जून को विभूतिखंड स्थित एमिटी कॉलेज के पास एक महिला से चेन छीनी थी। इसके बाद 10 जून को दो और घटनाएं गोमतीनगर क्षेत्र में अंजाम दी गईं एक गंगा अपार्टमेंट के पास और दूसरी विनीत खंड में। हर वारदात के बाद वे चेन को टुकड़ों में बांटकर आपस में बराबर-बराबर बाँट लेते थे।

मंहगी बाइक खरीदने के लिए बनाई थी स्नेचिंग की योजना
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी चोरी और स्नेचिंग के मामलों में जेल जा चुके हैं, जहां इनकी मुलाकात हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने मंहगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के इरादे से फिर स्नेचिंग शुरू कर दी।
तीनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
विमल रावत पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी और लूट के चार से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
सिद्धार्थ यादव भी चोरी, लूट और माल की हेराफेरी के कई मामलों में वांछित रहा है।
वहीं, नाबालिग आरोपी पर भी पिछला आपराधिक इतिहास दर्ज है, और उस पर भी चोरी का मामला पहले से चल रहा है।
पुलिस टीम को ₹10,000 का इनाम
इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस उपायुक्त, पूर्वी ज़ोन ने पुलिस टीम को ₹10,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है। बरामद किए गए सभी जेवरातों को संबंधित मामलों में जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read: Lucknow: जयपुरिया मैनेजमेंट कॉलेज की बिल्डिंग में लगी आग, दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर

