प्रतापगढ़ में दहशत फैलाने वाला गुफरान चढ़ा एसटीएफ के हत्थे, 50 हजार का था ईनामी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सोमवार को एक बड़ी सफलता मिली है। प्रतापगढ़ जिले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी बदमाश गुफरान उर्फ छंगू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना पट्टी में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था और वह पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था।

क्या है पूरा मामला?

प्रतापगढ़ जिले के दिलीपपुर थाना क्षेत्र स्थित खमपुर गांव निवासी गुफरान उर्फ छंगू पर थाना पट्टी में दर्ज मुकदमा संख्या 179/2025 में भारतीय दंड संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 61(2), 109(1), 351(3) बीएनएस और 7 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 जून 2025 को इखलाक नामक व्यक्ति और अन्य लोगों से गाली-गलौज और मारपीट की थी।

इस घटना की शिकायत अल्ताफ अहमद ने थाना पट्टी में दर्ज कराई थी। तभी से गुफरान फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित कर दिया था।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

एसटीएफ प्रयागराज यूनिट को सूचना मिली कि गुफरान पट्टी थाना क्षेत्र के कलियना नहर पुलिया के पास किसी स्थान पर छिपा हुआ है और भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी साजित अली, प्रभंजन पांडेय, अजय सिंह यादव और चालक राम लखन पाल शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर गुफरान को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने क्या बताया?

पूछताछ के दौरान गुफरान ने कबूल किया कि वह वारदात में शामिल था और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। इनाम घोषित होने की जानकारी मिलते ही वह छिप-छिप कर रहने लगा था और अब वह किसी दूसरे स्थान पर भागने की योजना बना रहा था।

आगे क्या होगा?

गिरफ्तारी के बाद गुफरान को संबंधित धाराओं में थाना पट्टी में दाखिल कर दिया गया है। अब आगे की विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: बागपत में यूपी एसटीएफ और पुलिस के साथ मुठभेड़, एनकाउंटर में बदमाश ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.