Lucknow: 50,000 के इनामी शाहरुख को STF ने लखनऊ से दबोचा, चारबाग स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतापगढ़ जिले के थाना पट्टी क्षेत्र में दर्ज गंभीर आपराधिक मामले में वांछित ₹50,000 के इनामी बदमाश शाहरुख को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया गया है।
STF को लंबे समय से इनामी व फरार अपराधियों की तलाश थी। इसी क्रम में एसटीएफ लखनऊ मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी।
कैसे हुआ गिरफ्तारी का पूरा ऑपरेशन?
STF को पुख्ता सूचना मिली थी कि शाहरुख, जो प्रतापगढ़ जिले के गांव गड़वारीपुर थाना अंतू का निवासी है, लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम – जिसमें उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार सिंह, और अन्य अनुभवी जवान शामिल थे ने चारबाग इलाके में घेराबंदी कर दी और सुबह करीब 8 बजे शाहरुख को धर दबोचा।
क्यों था शाहरुख पुलिस की हिट लिस्ट में?
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शाहरुख ने कबूला कि उसने 17 जून 2025 को थाना पट्टी क्षेत्र में इखलाक व अन्य के साथ गाली-गलौज व मारपीट की थी। इस घटना के संबंध में अल्ताफ अहमद की ओर से मुकदमा संख्या 179/2025 के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें बीएनएस की धारा 191 (2), 191 (3), 190, 115 (2), 61 (2), 109 (1), 351 (3) और 7 सीएलए एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई थीं।
घटना के बाद से ही शाहरुख फरार था, और उसके खिलाफ ₹50,000 का इनाम घोषित कर दिया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और राज्य से बाहर भागने की फिराक में था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी गंभीर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाहरुख पहले भी कई संगीन मामलों में शामिल रहा है, जिनमें लूट, हत्या के प्रयास, धमकी, और सार्वजनिक शांति भंग जैसी घटनाएं शामिल हैं। उसके खिलाफ अब तक दर्ज प्रमुख मुकदमे:

शाहरुख को गिरफ्तार कर थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ में दर्ज मुकदमे में दाखिल किया गया है। अब स्थानीय पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
Also Read: शिवकाशी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से पांच मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

