Kaushambi News: सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट, बदमाशों ने गोली मारकर छीना बैग
Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। यहां मंझनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हथियारों से लैस बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
विरोध करने पर मारी गोली
यह घटना मंझनपुर के कोरों गांव के पास ससुर खदेरी नदी के पुल के पास हुई। कोरों गांव के रहने वाले दीपक वर्मा की मंझनपुर कस्बे में गहनों की दुकान है। जब वह सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक से दुकान जा रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका और बंदूक दिखाकर उनका गहनों का बैग छीनने की कोशिश की। जब दीपक ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें कंधे में गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर गए और चारों बदमाश बैग लेकर भाग गए।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
घायल दीपक वर्मा ने तुरंत अपने परिवार और पुलिस को घटना की सूचना दी। मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बैग में कितने गहने थे और उनकी कीमत क्या थी। पुलिस का कहना है कि व्यापारी की शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Varanasi News: तालाब में नहाते समय डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

