दिल्ली की मुख्यमंत्री को Z-प्लस सुरक्षा, हमले के बाद CRPF संभालेगी रेखा गुप्ता की सुरक्षा की कमान
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उन्हें Z-प्लस श्रेणी का सीआरपीएफ (CRPF) सुरक्षा कवच मिलेगा। यह फैसला बुधवार को उनके सिविल लाइंस स्थित कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ के दौरान हुए हमले के बाद लिया गया है।
क्या हैं सुरक्षा में बदलाव
अब तक मुख्यमंत्री के आवास की सुरक्षा दिल्ली पुलिस संभालती थी, लेकिन अब यह जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंप दी गई है। इसके अलावा, सीएम की ‘क्लोज प्रोटेक्शन’ में भी सीआरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, अब ‘जन सुनवाई’ जैसे कार्यक्रमों में भी सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात की अनुमति नहीं होगी। शिकायत दर्ज करने वाले हर व्यक्ति की पहले पूरी जांच होगी।
बुधवार को राजेश खिमजी नाम का एक शख्स शिकायतकर्ता बनकर सीएम से मिला और मौका पाते ही उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारा और धक्का दिया, जिससे वे जमीन पर गिर गईं। तुरंत सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि सीएम रेखा गुप्ता को इस हमले में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई मामूली घटना नहीं है। गुरुवार को बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई नेता उनसे मिलने पहुंचे।
Also Read: उपराष्ट्रपति चुनाव: इंडिया गठबंधन उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन

