गोरखपुर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, चौकी इंचार्ज समेत पूरा स्टाफ निलंबित

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गो-तस्करों ने 19 वर्षीय दीपक गुप्ता की कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। इस घटना के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने सख्त कार्रवाई करते हुए धूसर पुलिस चौकी के प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

यह घटना मंगलवार, 16 सितंबर की देर रात पिपराइच थाना क्षेत्र के मऊआचापी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, कुछ गो-तस्कर दो गाड़ियों से आए और एक दुकान तोड़ने की कोशिश करने लगे। शोर सुनकर दीपक गुप्ता अपने स्कूटर से मौके पर पहुंचा, जिसके पीछे कुछ ग्रामीण भी थे। भागने की कोशिश में तस्करों ने दीपक को अपनी गाड़ी में घसीट लिया और फरार हो गए।

बाद में, ग्रामीणों ने करीब चार किलोमीटर दूर दीपक की खून से लथपथ लाश पाई। इससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने पकड़े गए एक तस्कर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उसकी जान बचाई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

एसएसपी राज करन नैयर ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि तस्करों ने ट्रक से दीपक को धक्का दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या की अफवाह भी फैलाई थी, जिसे पुलिस ने खारिज कर दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस की पाँच टीमें गठित की गई हैं जो सभी छह आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।

इस घटना पर सियासत भी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में हुई इस घटना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सत्ता संरक्षित गो-तस्करों के खिलाफ जनता का गुस्सा फूटा है, जिसके लिए भाजपा सरकार खुद जिम्मेदार है।

Also Read: Varanasi News: पूर्व BJP विधायक के बेटे पर जमीन कब्जे का आरोप, वीडियो हुआ वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.