बरेली में तौकीर रज़ा की गिरफ्तारी के बाद इंटरनेट बंद, 48 घंटे तक निगरानी कड़ी
Bareilly News: मौलाना तौकीर रज़ा की गिरफ्तारी के बाद बरेली में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। अफवाह फैलने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। इस दौरान मोबाइल डेटा, ब्रॉडबैंड और अन्य सभी इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्या ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अफवाहें फैल सकती थीं, जिससे हालात बिगड़ सकते थे।
मौलाना तौकीर रज़ा समेत आठ गिरफ्तार
पुलिस ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा और सात अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान को लेकर मस्जिद के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कार्यक्रम की अनुमति अचानक रद्द कर दी गई। SSP अनुराग आर्या के मुताबिक, तौकीर रज़ा के उकसावे पर बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए और खलील तिराहा से इस्लामिया ग्राउंड तक अराजकता फैल गई।
सात अन्य आरोपी भी सलाखों के पीछे
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में सरफराज, मनीफुद्दीन, अज़ीम अहमद, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद आमिर, रहान और मोहम्मद सरफराज शामिल हैं। इसके अलावा वीडियो फुटेज के आधार पर 36 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
सीएम योगी का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में अराजक तत्व व्यवस्था को चुनौती नहीं दे सकते।
बीएसएनएल जीएम पंकज पोरवाल ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर सभी इंटरनेट सेवा प्रदाताओं ने सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं और जैसे ही अनुमति मिलेगी, सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
बरेली प्रशासन का मानना है कि यह कदम शांति बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक था।
Also Read: कपिल शर्मा को जान से मारने की धमकी, मुंबई क्राइम ब्रांच ने रंगदारी मांगने वाले को किया गिरफ्तार

