तमिलनाडु में ये सुपरस्टार पार लगाएगा बीजेपी की नैया! रिपोर्ट में किया गया बड़ा दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु की राजनीति में हाल ही में एक बड़ा मोड़ देखने को मिला है। यहां 27 सितंबर को करूर में हुई भगदड़ की घटना के कुछ दिनों बाद, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय की पार्टी तमिलागा वेत्रि कझागम (TVK) से संपर्क साधा है।
एक प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान रिपोर्ट के अनुसार, BJP का मकसद विजय के विशाल फैन बेस का लाभ उठाकर 2026 के विधानसभा चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करना है। रिपोर्ट में दवा किया गया है कि, BJP का मानना है कि विजय की लोकप्रियता उन्हें DMK के खिलाफ विपक्षी ताकत के रूप में उभरने में मदद कर सकती है।
करूर हादसे के बाद शुरू हुई सियासी हलचल
दरअसल 27 सितंबर को करूर में आयोजित TVK की रैली के दौरान हुई भगदड़ में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस रैली में 27,000 लोग पहुंच गए, जबकि अनुमानित संख्या केवल 10,000 थी। जिसके बाद पुलिस ने इस घटना के लिए विजय के सात घंटे की देरी को जिम्मेदार ठहराया, जबकि TVK ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया, जिससे भगदड़ मच गई। वहीं इस हादसे के बाद राज्य की राजनीति में उबाल आ गया और बड़ी पार्टियों की नजरें TVK की ओर टिक गईं।
BJP ने जताया समर्थन, DMK पर साधा निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक, BJP के वरिष्ठ नेताओं ने TVK नेताओं से संपर्क कर कहा कि अगर विजय को DMK द्वारा अनुचित तरीके से निशाना बनाया गया, तो BJP उनके साथ खड़ी होगी। BJP ने यह भी कहा कि वह DMK को चुनौती देने की कोशिश कर रही है। वहीं विजय को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी गई है। वहीं ऐसा माना जा रहा है कि, BJP का यह रुख दिखाता है कि पार्टी विजय को संभावित सहयोगी के रूप में देख रही है।
BJP ने DMK को बताया जिम्मेदार
वहीं इस भगदड़ की घटना के तुरंत बाद BJP-नेतृत्व वाली NDA ने करूर में अपनी टीम भेजी थी। इस टीम ने DMK सरकार पर हादसे में लापरवाही का आरोप लगाया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इस मामले में TVK अकेली जिम्मेदार नहीं है। BJP का कहना है कि राज्य सरकार, यानी DMK, इस हादसे की पूरी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती, क्योंकि प्रशासन उसी के अधीन है।
कांग्रेस ने भी दिखाई रुचि
वहीं यहां BJP के अलावा कांग्रेस ने भी TVK से संपर्क साधा है, जिससे यह साफ हो गया है कि देश की प्रमुख पार्टियां तमिलनाडु में अपने प्रभाव का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। राज्य में फिलहाल DMK और AIADMK का प्रभुत्व है, लेकिन करूर हादसे के बाद TVK अचानक राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गई है।

विजय का अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान
हालांकि थलपति विजय पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि उनकी पार्टी 2026 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। लेकिन करूर भगदड़ और उसके बाद की राजनीतिक घटनाओं ने इस रणनीति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां BJP को ऐसा लगता है कि 2026 में DMK को एंटी-इंसींबेंसी का सामना करना पड़ सकता है, और ऐसे में TVK जैसे उभरते दल को साथ लाना उसकी रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है।
छोटे दलों के वोट शेयर भी पड़ सकता है असर
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, DMDK और NTK जैसे छोटे दलों के वोट भी अब TVK की ओर झुक सकते हैं। विजय की लोकप्रियता और उनके भाषणों का असर युवा और मध्यम वर्ग पर खास तौर पर देखने को मिल रहा है। BJP को लगता है कि TVK भविष्य में एक निर्णायक राजनीतिक शक्ति बन सकती है और इसलिए वह इस पार्टी से संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
Also Read: हिन्दू राष्ट्र के लिए हम सब भी तैयार हैं: करण भूषण सिंह

