ग्वालियर की शिविका सिंह बैस ने बढ़ाया देश का मान, फिलीपींस में जीता मिसेज यूनिवर्स ब्यूटी प्रिंसेस का ख़िताब

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ताल्लुक रखने वाली शिविका सिंह बैस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। फिलीपींस के ओकाडा मनीला में आयोजित हुई प्रतिष्ठित मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता-2025 में शिविका ने मिसेज यूनिवर्स ब्यूटी प्रिंसेस का ख़िताब जीता है।

स्थानीय शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रहीं शिविका ने इस प्रतियोगिता में 120 प्रतियोगियों से कड़ा मुकाबला किया। उन्हें मुख्य ख़िताब के साथ ही एक उप-शीर्षक ‘मिसेज पिलग्रिम्स ड्रीम्स यूनिवर्स 2025’ से भी नवाज़ा गया है। शिविका सिंह बैस ने वर्ष 2018 में महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय से ब्यूटी कल्चर एंड कॉस्मेटोलॉजी ब्रांच में डिप्लोमा उत्तीर्ण किया था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एए सिद्दीकी से चर्चा के दौरान शिविका ने बताया कि वह पिछले छह महीने से इस प्रतियोगिता की गहन तैयारी कर रही थीं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उनकी इस सफलता पर तकनीकी शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है, और तकनीकी शिक्षा आयुक्त अवधेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।

घरेलू हिंसा के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया

यह प्रतियोगिता सिर्फ़ सुंदरता तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें प्रतिभागियों का मूल्यांकन सामाजिक कार्य, व्यवहार और कम्युनिकेशन स्किल जैसे कई महत्वपूर्ण आयामों पर भी किया जाता है। प्रतियोगिता में उनकी राष्ट्रीय पोशाक (National Costume) आकर्षण का केंद्र रही, जो विश्व के सातवें अजूबे ताजमहल और भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आधारित थी।

शिविका ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच का उपयोग घरेलू हिंसा (Domestic Violence) जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को साझा करने के लिए किया, जिसने उनके चयन में निर्णायक भूमिका निभाई। गौरतलब है कि शिविका इससे पहले भी ‘रूबरू मिसेज इंडिया 2021’ और ‘मिसेज नेशनल यूनिवर्स 2022’ जैसे ख़िताब जीत चुकी हैं।

Also Read: भारत में जहरीली कफ सिरप को लेकर WHO ने जारी किया अलर्ट, तीन कंपनियों के प्रोडक्ट चिन्हित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.