Azamgarh News: जेल में बैठा माफिया कुन्टू सिंह स्कूल पर कर रहा था कब्जे की साजिश, केस दर्ज
Azamgarh News: आजमगढ़ में एक ऐसा मामला सामने आया है जो दिखाता है कि जेल के अंदर बैठे गैंगस्टर कैसे बाहर अपना साम्राज्य चलाते हैं। प्रदेश के कुख्यात माफिया और गैंग लीडर ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुन्टू सिंह पर एक नया गैंगस्टर केस दर्ज किया गया है। इस बार आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज बनवाकर एक स्कूल के प्रबंधन पर कब्जा करने की साजिश रची।
आरोप है कि कुन्टू सिंह और उसके तीन साथियों ने मिलकर श्रीकृष्ण पाठशाला इंटर कॉलेज के प्रबंधक बनने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने नकली कागजात तैयार करवाए। स्कूल के असली प्रबंधकों को डराने-धमकाने, उन पर झूठे मुकदमे लगाने और यहाँ तक कि जान से मारने की धमकियाँ भी दी गईं, ताकि वे स्कूल का नियंत्रण छोड़ दें।
आजमगढ़ कोतवाली की शिकायत पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश में इस मामले में गैंगस्टर एक्ट लगाकर केस दर्ज किया गया है। इसमें कुन्टू सिंह की पत्नी वंदना सिंह समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।
कौन है यह माफिया कुन्टू सिंह
कुन्टू सिंह पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 78 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह खतरनाक D-11 गैंग का सरगना है। वह पूर्व विधायक सर्वेश सिंह ‘सीपू’ की सन 2013 में हुई सरेआम हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है और फिलहाल कासगंज जेल में बंद है।
Also Read: Jasprit Bumrah Record: 7 साल का रिकॉर्ड टूटा, बुमराह बने दुनिया के नंबर-1 ओपनर शिकारी

