बहराइच: गुड़िया हत्याकांड का 36 घंटे में खुलासा, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र स्थित डिहवा ग्राम में दो दिन पूर्व एक महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति की तहरीर पर पड़ोस के युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया था।
अलाव ताप रही महिला पर हुआ था जानलेवा हमला
बुधवार शाम लगभग 7 बजे कैसरगंज थाना क्षेत्र के डिहवा ग्राम निवासी हनीफ की पत्नी गुड़िया (उम्र 30 वर्ष) घर के सामने अलाव ताप रही थी, तभी एक युवक ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतका के पति हनीफ ने पड़ोस में रहने वाले वकील नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि आरोपी वकील अक्सर गुड़िया से रुपये की मांग करता था और पैसे न देने पर उसने गुड़िया की हत्या कर दी।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी और खुलासा
थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को थाना प्रभारी को सूचना मिली कि आरोपी युवक हाजीपुर कुरसंडा मार्ग पर मौजूद है। उप निरीक्षक पंकज सिंह, आरक्षी अंजनी तिवारी, मानवेंद्र यादव, मनोज कुमार यादव और संदीप पटेल की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी युवक वकील अवैध पिस्टल मुंगेर से खरीदकर लाया था। घटना की रात जब गुड़िया दो अन्य महिलाओं के साथ बैठी थी, तब वकील पिस्टल लेकर पहुंचा। उसने पहले जमीन पर एक फायर किया। जब वह दूसरा फायर कर रहा था, तो गोली सीधे महिला की कनपटी पर जा लगी। आरोपी वकील को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
Also Read: पतंजलि का घी जांच में फेल: फूड सेफ्टी मानकों पर नहीं उतरा खरा, 1.40 लाख का जुर्माना

