कौशांबी: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, 3 युवकों की दर्दनाक मौत, 1 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा रविवार रात करीब 9 बजे बरैसा कुआडीह गांव स्थित बृजरानी अस्पताल के पास हुआ। घने कोहरे के कारण, तेज रफ्तार बाइक सवार सामने चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को समय रहते देख नहीं पाए और पीछे से उससे टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर गिर पड़े, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

जितेंद्र रैदास (22), निवासी बरैसा

अनिल कुमार (21), निवासी हिनौता गांव

धर्मशील (20)

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायल युवक श्रीचंद को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल पर परिजनों के पहुंचने से कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुट गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चारों युवक दुर्घटना से पहले शराब पीकर गांव लौट रहे थे और फिर दोबारा शराब पीने के लिए टेवा जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

Also Read: पीएम मोदी का तीन देशों का अहम दौरा शुरू, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर फोकस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.