Ghaziabad News: कमरे का किराया मांगने पहुंची मकान मालकिन की हत्या कर शव के टुकड़े बेड में छिपाए, सीसीटीवी से खुला राज
Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में हैवानियत की सारी हदें पार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ किराया मांगना एक मकान मालकिन के लिए जानलेवा साबित हुआ। पिछले कई महीनों से किराया न देने वाले एक किरायेदार दंपति ने न केवल महिला की हत्या की, बल्कि पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया।
मृतका की पहचान दीपशिखा शर्मा (निवासी ओरा सुमेरा सोसाइटी) के रूप में हुई है। दीपशिखा का एक दूसरा फ्लैट उसी सोसाइटी के पास ओरा कायमेरा (Aura Chimera) सोसाइटी में है, जहाँ अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता किराये पर रहते थे। बताया जा रहा है कि इन किरायेदारों ने पिछले 5-6 महीनों से किराया नहीं दिया था। 17 दिसंबर की शाम दीपशिखा अपना बकाया किराया मांगने के लिए उनके फ्लैट पर गई थीं, लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटीं, तो परिवार और उनकी मेड (कामवाली) को चिंता हुई।

CCTV फुटेज और मेड की सजगता से खुला राज
जब दीपशिखा की तलाश शुरू हुई, तो सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में वह शाम के वक्त किरायेदारों के फ्लैट की ओर जाती तो दिखीं, लेकिन वहां से बाहर निकलते हुए नजर नहीं आईं। शक होने पर जब सोसाइटी के लोग और मेड उस फ्लैट पर पहुंचे, तो किरायेदार दंपति ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर की तलाशी ली, तो एक लाल रंग के सूटकेस में दीपशिखा का शव बरामद हुआ, जिसे आरोपियों ने बड़ी बेरहमी से ठिकाने लगाने के लिए बेड के अंदर छिपा रखा था। एसीपी (ACP) उपासना पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना 17 दिसंबर की रात लगभग 11:15 बजे मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय गुप्ता और आकृति गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि किराया मांगने को लेकर हुई बहस के बाद इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: नहीं रहे ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के रचयिता राम सुतार, 100 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

