Etah News: दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों ने वकील के घर में घुसकर की लूटपाट, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से कानून के रखवालों पर ही कानून तोड़ने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक अधिवक्ता ने अलीगढ़ पुलिस के एक दारोगा और दो सिपाहियों पर अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर डकैती डालने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर अब कोर्ट के दखल के बाद यह मुकदमा दर्ज हुआ है।
अरुणानगर के रहने वाले अधिवक्ता अमित पचौरी ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 3 सितंबर को वह किसी काम से अलीगढ़ कोर्ट गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी में उनके घर पर अलीगढ़ जिले के थाना लोधा की खेरेश्वर चौकी के प्रभारी मनेन्द्र सिंह, सिपाही आकाश बाल्यान और सिपाही अनुज गिरी अपने दो अन्य साथियों (सचिन शर्मा और कृष्ण कुमार तिवारी) के साथ धमक पड़े।
रेड के नाम पर लूटपाट का आरोप
अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में जबरन घुसकर कहा कि वे किसी अपराधी की लोकेशन ट्रेस करते हुए आए हैं। परिजनों ने जब विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि इन लोगों ने घर की अलमारी खंगाली और वहां रखे 57,523 रुपये नकद और सोने के जेवर लूट लिए। जाते-जाते आरोपियों ने घर के कीमती सामान में तोड़फोड़ भी की। अधिवक्ता के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं, जबकि उनके साथी पिछले दरवाजे से घर में घुसे थे।
घटना के बाद पीड़ित वकील अमित पचौरी ने कोतवाली नगर और एसएसपी से गुहार लगाई, लेकिन साथी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। हार मानकर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। अब कोतवाली नगर पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

