Lucknow News: निःशुल्क चिकित्सा शिविर में जाँच के साथ दवाओं का हुआ वितरण
Lucknow News: इंदिरा नगर स्थित लोकेश नगर में रविवार को एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर ने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी, इंदिरा नगर की ओर से आयोजित इस शिविर में आसपास के इलाकों के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की निःशुल्क जांच की गई और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी दी गईं।
इस शिविर की खास बात रही यहां मौजूद डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम। स्त्री रोग, ईएनटी, ऑर्थोपेडिक्स, फिजियोथेरेपी, ऑन्कोलॉजी सहित तमाम विशेषज्ञताओं के डॉक्टरों ने रोगियों को परामर्श दिया। होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। पैथालॉजी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष काजी अहमद रज़ा ने बताया कि यह संस्था पिछले 46 साल से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर काम कर रही है। समाजसेवा ही इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के जरिए समाज के उन तबकों तक पहुंचना चाहते हैं, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं जुटाने में दिक्कत होती है।

सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चला शिविर
शिविर सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं। संस्था के महासचिव मुस्तकीम अहमद सिद्दीकी, उपाध्यक्ष मोहम्मद साबिर खान सहित अन्य सदस्यों ने शिविर के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
Also Read: Bareilly News: जमीन के लालच में हत्या, पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा

