Lucknow News: PM मोदी के जाते ही गमला लूट की मची होड़, सजावट के फूल और पौधे गाड़ियों में भरकर ले गए लोग

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को गुरुवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल के रूप में एक नई पहचान मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इसका उद्घाटन किया और पूरा शहर फूलों और खूबसूरत पौधों से सजाया गया था। लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही जो तस्वीरें सामने आईं, उसने लखनऊ की तहजीब पर गहरा दाग लगा दिया है।

जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और सुरक्षा घेरा थोड़ा कम हुआ, प्रेरणा स्थल और ग्रीन कॉरिडोर के आसपास लगे बेशकीमती गमलों और फूलों पर कुछ लोगों ने हाथ साफ करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग अपनी दोपहिया गाड़ियों और यहां तक कि महंगी कारों की डिग्गी में गमले भरकर ले जा रहे हैं।

जब वहां से गुजर रहे कुछ जागरूक नागरिकों ने इन्हें रोकने की कोशिश की और टोकना चाहा, तो शर्मिंदा होने के बजाय ये लोग कैमरे के सामने मुस्कुराते और हंसते नजर आए। ऐसा लग रहा था मानो सरकारी संपत्ति की लूट को वे अपना अधिकार समझ रहे हों। प्रशासन ने इस बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को दुल्हन की तरह सजाया था। करोड़ों रुपये खर्च कर ग्रीन कॉरिडोर और प्रेरणा स्थल को हरा-भरा बनाया गया था ताकि शहर की एक सुंदर तस्वीर दुनिया के सामने जाए। लेकिन कुछ लोगों की इस छोटी सोच ने प्रशासन की सारी कोशिशों पर पानी फेर दिया।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही लोग कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि प्रशासन शहर को सुंदर बनाने के लिए दिन-रात एक कर देता है, लेकिन हम बतौर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाने में फेल हो जाते हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर पहचान कर इन ‘गमला चोरों’ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न करे।

Also Read: Lucknow News: टैक्स चोरी करने वाले बड़े भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई, लुलु मॉल, जनपथ और लारी अस्पताल समेत कई दिग्गज ब्लैकलिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.