UP News: 10 हजार के इनामी गैंगस्टर समेत कई शातिर गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस ने नए साल के अवसर पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अपना अभियान तेज करते हुए बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। प्रदेश के विभिन्न जनपदों बुलंदशहर, रायबरेली और शामली में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 10 हजार के इनामी अपराधी समेत शातिर चोरों और अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के कई सदस्यों को धर दबोचा है। इन कार्रवाइयों में लाखों के जेवरात और दर्जनों वाहन बरामद कर पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क को करारी शिकस्त दी है।

बुलंदशहर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी असलम उर्फ इस्लाम को गिरफ्तार किया है। खुर्जा देहात पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर किर्रा मोड़ नाले की पुलिया के पास से अभियुक्त को दबोचा।

गिरफ्तार असलम एक शातिर अपराधी है, जिस पर अलीगढ़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे 19 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा और जीवित कारतूस बरामद किया है। वह लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था।

रायबरेली: 5 लाख के जेवरात सहित 3 शातिर चोर गिरफ्तार

रायबरेली पुलिस ने गोरा बाजार क्षेत्र के पास से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज, अल्ताफ उमेर और रामजी के रूप में हुई है। इनमें सूरज के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 10,540 रुपये नगद और चोरी में इस्तेमाल किया गया एक ई-रिक्शा बरामद किया है।

शामली: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; 17 बाइक और कार बरामद

शामली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नए साल पर वाहन चोरों के एक बड़े गिरोह को पकड़ने में कामयाबी पाई है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान विजयपाल (उत्तराखंड), दानिश (मुरादाबाद) और हेम सिंह (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। यह गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय था। गिरोह की निशानदेही पर चोरी के 17 दो पहिया वाहन, 01 कार और 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

Also Read: चित्रकूट: 10 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ लिपिक और प्राइवेट मुंशी गिरफ्तार, जांच शुरु

Get real time updates directly on you device, subscribe now.