Kanpur News: बृजेश पाठक ने अधिकारियों को दी चेतावनी, अगर खतौनी में तालाब है तो उस पर कब्जा बर्दाश्त नहीं

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कानपुर में तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। शहर के विभिन्न इलाकों से तालाब पाटने की मिल रही शिकायतों पर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सरेआम चेतावनी दी कि इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पत्रकारों और स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान जब तालाबों पर कब्जे का मुद्दा उठा, तो बृजेश पाठक ने दो टूक कहा, अधिकारी कान खोलकर सुन लें, अगर राजस्व रिकॉर्ड (खतौनी) में कोई जमीन तालाब के रूप में दर्ज है, तो वह तालाब ही रहेगी। उसे पाटने या उस पर निर्माण कराने की हिम्मत करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे चुप न बैठें। डिप्टी सीएम ने कहा, आप मुझे बस उस जगह की गाटा संख्या लिखकर दे दीजिए, फिर देखिए कार्रवाई कैसे होती है। कोई भी रसूखदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

भ्रष्ट अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

डिप्टी सीएम ने केवल भू-माफियाओं को ही नहीं, बल्कि उन अधिकारियों को भी लपेटे में लिया जिनकी मिलीभगत से ये कब्जे होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी अधिकारी की नाक के नीचे तालाब पाटा गया, तो उसकी जवाबदेही तय होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई दोनों की जाएगी।

दौरे के दौरान लाल कॉलोनी स्थित रामलाल का तालाब पर अवैध कब्जे का मामला भी प्रमुखता से उठा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि दस्तावेज मिलते ही इस मामले में भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि तालाब जैसे जल स्रोत हमारे पर्यावरण का आधार हैं और इन्हें बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

Also Read: बहराइच में तिहरा हत्याकांड या मजबूरी का अंत? तालाब में मिले मां और दो मासूमों के शव, पिता ने लगाए ये आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.