Rampur News: आजम खान ने पत्नी व बेटा समेत जौहर ट्रस्ट से दिया इस्तीफा, अब बहन निकहत संभालेंगी कमान

Rampur News: कानूनी मुश्किलों और जेल की सलाखों के पीछे संघर्ष कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को लेकर एक बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। आजम खान ने खुद, अपनी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा और छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ ट्रस्ट के सभी पदों से आधिकारिक तौर पर इस्तीफा दे दिया है।

आजम खान का यह फैसला उनके परिवार पर कसते कानूनी शिकंजे और जेल में होने की वजह से लिया गया है। आजम खान और उनके परिवार के जेल में होने के कारण जौहर यूनिवर्सिटी और रामपुर पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों के कामकाज में काफी दिक्कतें आ रही थीं। ट्रस्ट पर जमीन कब्जाने समेत 30 से ज्यादा मुकदमे चल रहे हैं और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। ऐसे में ट्रस्ट के सुचारू संचालन के लिए आजम खान ने खुद को इससे अलग करने का फैसला किया।

ट्रस्ट को कानूनी बाधाओं से बचाने और कामकाज को आगे बढ़ाने के लिए अब नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। आजम खान की बहन को ट्रस्ट का नया अध्यक्ष बनाया गया है। अब तक केवल सदस्य रहे आजम के बड़े बेटे अदीब को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। मुश्ताक अहमद सिद्दीकी उपाध्यक्ष, सपा विधायक नसीर अहमद खान संयुक्त सचिव और जावेद उर रहमान खान कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।

Also Read: पीएम मोदी ने केरल को दी करोड़ों की सौगात, सीएम विजयन बोले- आज राज्य के लिए बेहद खुशी और संतोष का दिन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.