लखनऊ: शातिर चोर ‘संजू बाबा’ गिरफ्तार, चोरी के भारी जेवरात, आईफोन और नगदी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राजधानी के कैण्ट इलाके में सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी ‘संजू बाबा’ के नाम से जुर्म की दुनिया में मशहूर है और इसके पकड़े जाने से चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम हिंमाशू थारू उर्फ संजू बाबा है। पुलिस ने इसके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
नीलमथा इलाके में पिछले कुछ महीनों से बंद घरों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। कैण्ट पुलिस की टीम (एसओ शान्तनु बालियान के नेतृत्व में) सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोर की तलाश कर रही थी। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ‘संजू बाबा’ नीलमथा पुलिया के पास देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से ही धर दबोचा।
इन चोरियों का हुआ खुलासा
हिमांशु की गिरफ्तारी से कैण्ट क्षेत्र की दो प्रमुख वारदातों का पर्दाफाश हुआ है।
आकांक्षा शुक्ला (नीलमथा) के घर चोरी: नवंबर 2025 में इनके घर से जेवरात चोरी हुए थे।
शरद पाण्डेय (दुर्गापुरी कॉलोनी) के घर चोरी: दिसंबर 2025 में इनके घर को निशाना बनाया गया था।
बरामदगी की लंबी फेहरिस्त
आरोपी के पास से पुलिस को चोरी का अच्छा-खासा माल मिला है, जिसमें शामिल हैं।
सोने के जेवरात: दो चेन, मांग टीका, चार अंगूठियां, नथुनी और झाला।
चांदी के सामान: पायलें, गिलास और प्लेट।
इलेक्ट्रॉनिक्स: एक महंगा आईफोन (एप्पल कंपनी)।
नगदी: ₹2,000 कैश।
13 मुकदमों का ‘आदतन’ अपराधी
महज 21 साल की उम्र में हिमांशु उर्फ संजू बाबा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर लखनऊ के अलग-अलग थानों (गाजीपुर, पीजीआई, मड़ियांव और कैण्ट) में चोरी, लूट और अवैध असलहा रखने के कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह एक शातिर और पेशेवर अपराधी है जो जेल से छूटने के बाद फिर से वारदातों को अंजाम देने लगता था।
इस सफल अभियान में उप-निरीक्षक शान्तनु बालियान, आशीष राजपूत, किरन पाल सिंह, रामधनी पाल और कांस्टेबल तरुण कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी का माल खरीदने में और कौन-कौन लोग इसके साथ शामिल थे।
Also Read: UP: ट्रेन में युवती से हैवानियत करने वाला TTE निलंबित, पुलिस ने घोषित किया 10 हजार का इनाम

