लखनऊ में सहकारिता का विस्तार, कुम्भरांवा और गोधना में शुरू हुई नई B-PACS
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार के सहकार से समृद्धि संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिला सहकारी बैंक, लखनऊ ने कुम्भरांवा और गोधना में नई बी-पैक्स (B-PACS) समितियों का संचालन शुरू कर दिया है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने इन समितियों का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित किसानों, व्यापारियों और सदस्यों को संबोधित करते हुए चेयरमैन वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि इन समितियों का मुख्य उद्देश्य सरकार की हर योजना और सुविधा को गांव के आखिरी व्यक्ति तक आसानी से पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि कार्यालय की स्थापना के लिए 2 लाख रुपये और खाद-बीज के व्यापार के लिए 10 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट तुरंत स्वीकृत की गई है। जैसे ही जमीन उपलब्ध होगी, समितियों के लिए आधुनिक बिल्डिंग का निर्माण कराया जाएगा ताकि आम जन को बेहतर सेवाएं मिल सकें। इन समितियों के संचालन के लिए बाकायदा निर्वाचन के जरिए संचालक मंडल का चयन किया गया है।

किसान खुशहाल, तो देश खुशहाल
चेयरमैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि जिला सहकारी बैंक गरीब, मजदूर और किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे लिए किसान का हित ही सर्वोपरि है। जब हमारा किसान समृद्ध होगा, तभी देश उन्नति की राह पर आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से विनय प्रताप सिंह (संचालक), दिवाकर सिंह (यूपी ग्राम विकास बैंक), और सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक वैशाली सिंह। बैंक के सीईओ आवेश प्रताप मौर्य, डीजीएम धर्मेन्द्र कुमार सिंह और मंडल अध्यक्ष विमलेश मिश्रा समेत कई ग्राम प्रधान और सचिव उपस्थित रहे।
Also Read: Lucknow News: डेटिंग ऐप Grindr के जरिए ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

