Maharajganj News: भाजपा दफ्तर में स्वागत समारोह के बीच महिला ने नेताजी को जड़ा थप्पड़

Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला कार्यालय में बुधवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक महिला ने भारी भीड़ के बीच एक पार्टी पदाधिकारी की जमकर धुनाई कर दी। मनोनीत सभासदों के स्वागत के लिए सजे मंच पर हुई इस मारपीट ने वहां मौजूद दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं को सन्न कर दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यालय में नए पदाधिकारियों और सभासदों के लिए सम्मान समारोह चल रहा था। नेताजी को फूलों के हार पहनाए जा रहे थे और चारों तरफ उल्लास का माहौल था। इसी बीच एक महिला अपने बेटे के साथ अचानक वहां पहुंची। चश्मदीदों के अनुसार, महिला सीधे मंच पर चढ़ी और बिना किसी हिचकिचाहट के एक पदाधिकारी का कॉलर पकड़ लिया।

LIC पॉलिसी के नाम पर 4.5 लाख का खेल

महिला के गुस्से की वजह काफी गंभीर बताई जा रही है। महिला का आरोप है कि उसने LIC पॉलिसी कराने के नाम पर उक्त पदाधिकारी को करीब 4.50 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि नेताजी ने न तो कोई पॉलिसी कराई और न ही उसके पैसे वापस किए। काफी समय से अपने चक्कर काटने और सुनवाई न होने से महिला का सब्र टूट गया और उसने सरेआम पदाधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया।

हाथ में चप्पल और मची अफरा-तफरी

महिला का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, उसने हाथ में चप्पल निकाल ली और पदाधिकारी को मारने के लिए दौड़ पड़ी। यह नजारा देख कार्यालय में भगदड़ मच गई। कार्यकर्ता बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला और उसका बेटा अपने पैसे वापस लेने की जिद पर अड़े रहे। काफी देर तक वहां गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का दौर चला, जिससे पार्टी की काफी किरकिरी हुई।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर परिसर से बाहर निकाला। पुलिस अब दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह आपसी लेनदेन का निजी मामला लग रहा है और इसे बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

Also Read: IPL के नाम पर उठा विवाद खत्म, केरल हाई कोर्ट ने PIL ठुकराई, BCCI को क्लीन चिट, जानें पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.