‘धुरंधर-2’ में अतीक की कहानी पर भड़के शिवपाल यादव, बोले- एजेंडा सेट करके आए हैं कुछ…
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को ताजनगरी आगरा के शाहदरा (यमुनापार) में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर-2’ से लेकर धार्मिक और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर अपनी बात रखी, लेकिन माफिया अतीक अहमद से जुड़े सवाल पर वे मीडिया कर्मियों पर ही बिफर पड़े।
फिल्म ‘धुरंधर-2’ और अतीक पर तीखी बहस
बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही फिल्म ‘धुरंधर-2’ में माफिया अतीक अहमद के पाकिस्तान से रिश्तों को दिखाए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सवाल पूछने वाले मीडिया कर्मियों को ‘भाजपा का एजेंट’ तक कह डाला। उन्होंने आरोप लगाया “आप लोगों को भाजपा का एजेंडा सेट करके भेजा गया है। असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें की जा रही हैं।”
बड़ा राजनीतिक एलान: ‘बाह’ बनेगा जिला
शिवपाल यादव ने आगरा की सियासत में हलचल पैदा करते हुए एक बड़ा चुनावी वादा किया। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक स्थान ‘बाह’ क्षेत्र को पूर्ण जिला घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से क्षेत्र का समुचित और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा।
शंकराचार्य और गौशालाओं के मुद्दे पर घेरा
शंकराचार्य के अपमान के मुद्दे पर शिवपाल ने कहा कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति करती है। असल में वह सनातन धर्म का सम्मान करने के बजाय उसका अपमान कर रही है। उन्होंने प्रदेश की गौशालाओं की स्थिति को दयनीय बताया। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर गौ-सेवा को प्राथमिकता दी जाएगी और व्यवस्थाओं में आमूल-चूल परिवर्तन किया जाएगा।
आगरा की राजनीति में गरमाहट
शिवपाल यादव के इस दौरे और उनके कड़े तेवरों ने आगरा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। अतीक अहमद और फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं।

