0,0,0,0,0… IPL 2026 में हीरो से जीरो बने जसप्रीत बुमराह, जानें वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह IPL 2026 में अब तक अपनी पहचान के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
जिस गेंदबाज को टीम का सबसे बड़ा मैच-विनर माना जाता है, वही इस सीजन में विकेटों के सूखे से जूझ रहा है। पांच मुकाबले खेल चुके बुमराह अब तक एक भी विकेट नहीं ले सके हैं, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे लंबा विकेटलेस दौर माना जा रहा है।
Jasprit Bumrah ने इस सीजन में पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ गेंदबाजी की है। इन मैचों में उन्होंने कुल 164 रन खर्च किए हैं और उनकी इकोनॉमी रेट 8.63 रही है।
हाई-स्कोरिंग टूर्नामेंट में यह आंकड़ा बहुत खराब नहीं माना जाता, लेकिन बुमराह जैसे स्ट्राइक गेंदबाज से टीम को विकेटों की कहीं ज्यादा उम्मीद रहती है।

मुंबई इंडियंस पर भी असर
बुमराह की यह फीकी फॉर्म सीधे तौर पर Mumbai Indians के प्रदर्शन पर भी असर डाल रही है। टीम को लगातार चार हार झेलनी पड़ी हैं और वह पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर फिसल चुकी है।
गेंदबाजी में बुमराह से शुरुआती और डेथ ओवर्स में विकेट नहीं मिलना टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।
क्यों नहीं मिल रहे विकेट?
क्रिकेट विशेषज्ञों के मुताबिक बल्लेबाज अब बुमराह के खिलाफ पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आ रहे हैं। जहां पहले उनके नाम से ही बल्लेबाज सतर्क हो जाते थे, अब वे खुलकर बड़े शॉट्स खेल रहे हैं।
इसके अलावा बुमराह की गेंदबाजी रणनीति में भी बदलाव देखने को मिला है। इस सीजन उनकी लगभग 44 प्रतिशत गेंदें स्लोअर डिलीवरी रही हैं, जिससे उनकी औसत गति करीब 130 किमी प्रति घंटा तक गिर गई है।
इतनी अधिक स्लोअर गेंदों से बल्लेबाज पहले से तैयार रहते हैं और उन्हें पढ़ना आसान हो रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि बुमराह की फिटनेस या बुनियादी तकनीक में कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन अगर वह अपनी रफ्तार बढ़ाकर तेज गेंदों का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं, तो उनकी स्लोअर बॉल फिर से घातक साबित हो सकती है।
IPL 2026 अभी लंबा है और फैंस को उम्मीद है कि बुमराह जल्द ही इस खराब दौर से निकलकर एक बार फिर ‘हीरो’ की भूमिका में लौटेंगे।
Also Read: IPL 2026 Points Table Update: टॉप-3 में कांटे की लड़ाई, नीचे की टीमों में मची हड़कंप

