बंगाल में कमल की सुनामी, पीएम मोदी शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बढ़त ने दिल्ली के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। बंगाल में ऐतिहासिक परिवर्तन की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम 6 बजे दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर इस दौरे की पुष्टि की है। परंपरा के अनुसार, बड़ी चुनावी जीत के बाद पीएम मोदी मुख्यालय पहुंचकर देशभर के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल में ताबड़तोड़ रैलियां की थीं और दावा किया था कि इस बार कई सीटों पर टीएमसी का खाता भी नहीं खुलेगा। ताजा आंकड़ों में यह दावा हकीकत में बदलता दिख रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा 178 सीटों पर मजबूत बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्ताधारी टीएमसी 92 सीटों पर पिछड़ गई है। अन्य दलों में बीजीपीएम, वामदल और एआईएसएफ महज 1-1 सीटों पर बढ़त बना पाए हैं।
दो चरणों का मतदान और फलता का सस्पेंस
बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें कई जगहों पर भारी हिंसा के बाद पुनर्मतदान भी कराया गया। हालांकि, दक्षिण 24 परगना की फलता सीट पर झड़पों के कारण अभी मतदान प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है। इन चुनौतियों के बावजूद भाजपा की यह बढ़त पार्टी के लिए बड़ी संजीवनी मानी जा रही है। अब सबकी निगाहें शाम को होने वाले पीएम मोदी के संबोधन पर हैं, जहाँ से वे बंगाल की नई राजनीतिक दिशा का खाका खींच सकते हैं।
Also Read: चुनावी रुझानों पर बोलीं ममता बनर्जी, हार नहीं मानेंगे, बीजेपी की बढ़त महज एक चाल

