Ghazipur News: अफशां अंसारी के लिए 61 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, मुख्तार के भाई से पूछताछ
एसपी डॉ. ईरज राजा ने खुद संभाली कमान, मुहम्मदाबाद से शहर कोतवाली तक पुलिसिया कार्रवाई से मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्वांचल के माफिया डॉन रहे मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है। सोमवार को पुलिस ने एक साथ 61 ठिकानों पर छापेमारी कर अपराधियों और उनके करीबियों के बीच खलबली मचा दी। इस बड़े अभियान का नेतृत्व खुद गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ईरज राजा ने किया।
मुख्तार के आवास ‘फाटक’ पर भी पहुंची पुलिस
छापेमारी की यह कार्रवाई जिले के मुहम्मदाबाद, जंगीपुर, भांवरकोल और शहर कोतवाली क्षेत्रों में सघन रूप से चलाई गई। पुलिस की टीम मुख्तार अंसारी के मुहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास ‘फाटक’ पर भी पहुंची। यहां पुलिस ने सघन तलाशी ली और मुख्तार के भाई से अफशां अंसारी के बारे में घंटों पूछताछ की। अफशां अंसारी पर संगठित अपराध और कई अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता का आरोप है और वह लंबे समय से फरार चल रही हैं।
15 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे ऑपरेशन के दौरान करीब 15 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। ये सभी लोग मुख्तार परिवार के करीबी या अफशां अंसारी के मददगार बताए जा रहे हैं। पुलिस लाइन और स्थानीय थानों में इन लोगों से अफशां अंसारी के संभावित ठिकानों और उनकी हालिया गतिविधियों के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन संदिग्धों से मिले इनपुट अफशां की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
चप्पे-चप्पे पर तलाशी, कानून का कड़ा पहरा
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस अफ़शा अंसारी को कानून के कटघरे में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने न केवल घरों की तलाशी ली, बल्कि संदिग्ध वस्तुओं और दस्तावेजों को भी खंगाला है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिले में चर्चा का विषय बनी पुलिस की दबिश
एक साथ 61 स्थानों पर हुई इस अभूतपूर्व छापेमारी से स्थानीय निवासियों में भारी हलचल है। जिले भर में इस बात की चर्चा है कि क्या पुलिस इस बार अफशां अंसारी को दबोचने में कामयाब होगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास भी वांछित अफशां अंसारी के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे।
Also Read: Lucknow News: लोकभवन में सीएम योगी ने लेखा परीक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र, विपक्ष पर साधा निशाना

