सुनील नरेन ने रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड, IPL में ‘दोहरे शतक’ तक पहुंचने वाले पहले गेंदबाज बने

Sandesh Wahak Digital Desk: कोलकाता नाइट राइडर्स के मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन ने इंडियन प्रीमियर लीग में इतिहास रच दिया है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में एक विकेट लेते ही नरेन IPL में किसी एक टीम की ओर से 200 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। केकेआर के लिए उनके नाम अब 201 विकेट दर्ज हो चुके हैं।

रविवार को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नरेन ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट झटके।

इसके साथ ही वह IPL करियर में विकेटों का ‘दोहरा शतक’ पूरा करने वाले तीसरे गेंदबाज बने और यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी भी रहे।

IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट युजवेंद्र चहल के नाम हैं, जिन्होंने 182 मैचों में 228 विकेट लिए हैं।

दूसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिनके नाम 199 मैचों में 215 विकेट दर्ज हैं। वहीं, नरेन 197 मैचों में 201 विकेट लेकर इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

Sunil Narine

सुनील नरेन कोलकाता नाइट राइडर्स को 2012, 2014 और 2024 में खिताब जिताने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 2012, 2018 और 2024 में ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर’ का पुरस्कार भी मिल चुका है। इसके अलावा, 2012 में उन्होंने ‘पर्पल कैप’ भी अपने नाम की थी।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 165 रन पर सिमट गई।

टीम के लिए ट्रेविस हेड ने 61 रन और ईशान किशन ने 42 रन बनाए। केकेआर की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट लिए, जबकि नरेन ने 2 विकेट झटके।

इसके जवाब में केकेआर ने 19वें ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह कोलकाता नाइट राइडर्स की लगातार तीसरी जीत रही, जिसमें सुनील नरेन का ऑलराउंड योगदान फिर निर्णायक साबित हुआ।

Also Read: ताइक्वॉन्डो प्रीमियर लीग: दिल्ली वॉरियर्स के सिर सजा जीत का ताज, बंगाल टाइगर्स रही उपविजेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.