UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: IAS रिंकू राही को मिली जालौन की कमान, विवादों में घिरे फिरोजाबाद DM हटे!
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने रविवार देर रात प्रशासनिक अमले में बड़ी सर्जरी करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में सबसे चर्चित नाम 2022-23 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही का है। अपनी ईमानदारी और सिद्धांतों के लिए पहचाने जाने वाले रिंकू राही को जालौन जिले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर नई तैनाती दी गई है।
‘बिना काम वेतन नहीं’ की जिद और नैतिक जीत
रिंकू सिंह राही हाल ही में तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने ‘बिना काम के वेतन लेने’ को अनैतिक बताते हुए राष्ट्रपति को सशर्त इस्तीफा भेज दिया था। शाहजहांपुर के पुवायां में एसडीएम रहते हुए वकीलों के विरोध पर कान पकड़कर उठक-बैठक करने के प्रकरण के बाद उन्हें राजस्व परिषद लखनऊ में सदस्य के रूप में अटैच कर दिया गया था। वहां कोई जिम्मेदारी न मिलने से क्षुब्ध होकर उन्होंने इस्तीफा दिया था। अब उन्हें फील्ड पोस्टिंग मिलना उनकी ईमानदारी और अटूट साहस की जीत मानी जा रही है।
रिंकू राही का संघर्षपूर्ण सफर
2008-09: मुजफ्फरनगर में पीसीएस अधिकारी रहते हुए 100 करोड़ के छात्रवृत्ति घोटाले का खुलासा किया।
2009 (हमला): माफिया ने 7 गोलियां मारीं, एक आंख की रोशनी चली गई, लेकिन हौसला नहीं टूटा।
IAS का सफर: विकलांगता कोटे से यूपीएससी पास कर आईएएस बने।
फिरोजाबाद DM रमेश रंजन का पत्ता कटा, विवादों से रहा नाता
इस तबादला सूची में फिरोजाबाद के जिलाधिकारी रमेश रंजन का नाम भी शामिल है। रमेश रंजन को डीएम पद से हटाकर राजस्व परिषद लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर भेजा गया है। उनका कार्यकाल विवादों के साये में रहा। हाल ही में टूंडला की तत्कालीन तहसीलदार राखी शर्मा द्वारा उन पर ‘महंगा आईफोन’ मांगने और प्रशासनिक दबाव बनाने के आरोपों ने शासन स्तर तक हड़कंप मचा दिया था। इसके अलावा फिरोजाबाद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता का भारी आक्रोश भी उनके लिए चुनौती बना हुआ था।
प्रशासनिक सर्जरी के सियासी मायने
सरकार के इस फैसले को सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। जहां एक ओर रिंकू राही जैसे ईमानदार अफसरों को मुख्यधारा में लाकर सरकार ने ‘गुड गवर्नेंस’ का संदेश दिया है, वहीं विवादों में घिरे अधिकारियों को फील्ड से हटाकर यह साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन, BSC केमिस्ट्री पास छात्र बना अफीम तस्कर, पॉलिटेक्निक चौराहे से गिरफ्तार

