‘खेल एक मौलिक अधिकार, चुनिंदा लोगों की जागीर नहीं’, सिद्धार्थनगर में क्रीड़ा भारती ने बुलंद की खिलाड़ियों की आवाज़
Sandesh Wahak Digital Desk: खेल और खिलाड़ियों को समर्पित संस्था क्रीड़ा भारती ने ‘खेल एक मौलिक अधिकार’ विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया है। क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के अध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति ने ‘संदेश वाहक‘ से खास बातचीत में कहा कि खेल कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए होना चाहिए। संस्था का मानना है कि विकसित भारत का रास्ता खेल के मैदानों से होकर ही गुजरता है।

खेलों में खत्म हो ‘सियासी’ दखल और बाध्यता: अरुण कुमार प्रजापति
प्रांत अध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति ने स्पष्ट किया कि खेल समावेशी होने चाहिए। क्रीड़ा भारती ने केंद्र सरकार को दिए प्रस्ताव में मांग की है कि किसी भी खिलाड़ी को किसी विशेष सदस्यता या संबद्धता की बाध्यता के बिना अपनी पसंद का खेल खेलने और कौशल सिद्ध करने का स्वतंत्र अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही, खेल संघों की चयन प्रक्रिया को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त कर पूरी तरह पारदर्शी बनाने की वकालत की गई है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की 2025 की ‘खेलो भारत’ नीति का उद्देश्य खेल को एक जन आंदोलन बनाना है। इसमें केंद्र, राज्य, खेल संगठनों और निजी क्षेत्रों की समान भागीदारी सुनिश्चित की गई है। क्रीड़ा भारती का लक्ष्य है कि गांव-गांव और स्कूल-स्कूल तक खेलों की पहुंच हो, जिससे युवा खेल का आनंद लें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

राष्ट्रीय खेल न्यायाधिकरण के गठन की मांग
प्रस्ताव के प्रमुख बिंदुओं को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी खिलाड़ी के विरुद्ध कोई दंडात्मक कार्रवाई करनी हो, तो यह अधिकार केवल राष्ट्रीय खेल न्यायाधिकरण के पास होना चाहिए। इससे खिलाड़ियों का उत्पीड़न रुकेगा। इसके अलावा, खेल के मैदानों और बुनियादी ढांचों को केवल खेलों के लिए ही संरक्षित करने पर जोर दिया गया है ताकि प्रत्येक खिलाड़ी की पहुंच मैदान तक हो सके।
विकसित भारत का महामार्ग है खेल का मैदान
क्रीड़ा भारती ने देश के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षण संस्थानों से आह्वान किया है कि वे एक स्वस्थ और पारदर्शी खेल विश्व के निर्माण के लिए साथ आएं। संस्था का मानना है कि जब देश का हर नागरिक खेल से जुड़ेगा, तभी भारत वैश्विक पटल पर एक खेल महाशक्ति के रूप में उभरेगा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर: ‘सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ की मिसाल, SSB जवानों ने सड़क पर तड़पती महिला की बचाई जान

