BCCI ने बदला अपना नियम, सचिन तेंदुलकर की तरह वैभव सूर्यवंशी को भी मिली खास परमिशन

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए धमाकेदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में शामिल किए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक अहम और संवेदनशील फैसला लिया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए अपने पारिवारिक यात्रा नियमों में विशेष छूट देते हुए वैभव के माता-पिता को टीम के साथ यात्रा की अनुमति दी है।

वैभव के साथ माता-पिता भी जाएंगे विदेश

अचानक मिली लोकप्रियता, मीडिया का दबाव और सीनियर खिलाड़ियों के बीच खेलने की चुनौती को देखते हुए BCCI ने यह निर्णय लिया है कि वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ रहेंगे।

बोर्ड का मानना है कि माता-पिता की मौजूदगी से वैभव को भावनात्मक सहारा मिलेगा और वह नए माहौल में बेहतर ढंग से ढल पाएंगे। बोर्ड उनके यात्रा और ठहरने का पूरा खर्च उठाएगा।

सचिन तेंदुलकर के डेब्यू से जुड़ी मिसाल

यह फैसला क्रिकेट इतिहास की एक चर्चित मिसाल की याद दिलाता है। जब सचिन तेंदुलकर 1989 में 16 साल की उम्र में पाकिस्तान दौरे पर भारत के लिए डेब्यू करने गए थे, तब उनके बड़े भाई अजीत तेंदुलकर उनके साथ थे।

Vaibhav Sooryavanshi

वैभव के मामले में भी BCCI ने उसी सोच के साथ यह कदम उठाया है।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “वह अभी बच्चा है। इसलिए हमने उसके माता-पिता को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उसके साथ रहने की अनुमति दी है, ताकि वह मानसिक रूप से सहज रह सके और नए वातावरण में खुद को ढाल सके।”

नियमों में विशेष बदलाव

आमतौर पर BCCI के नियमों के मुताबिक विदेशी दौरों और लंबे टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों के परिवार की मौजूदगी सीमित रहती है।

45 दिन से लंबे दौरे में परिवार को केवल 14 दिन साथ रहने की अनुमति होती है। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी के लिए बोर्ड ने इस नियम में विशेष छूट दी है।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

वैभव सूर्यवंशी का चयन 15 साल 71 दिन की उम्र में हुआ है। यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं।

इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (16 साल 194 दिन) के नाम था।

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद अब वैभव के सामने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा।

BCCI का यह फैसला युवा प्रतिभा की देखभाल और दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Also Read: Team India से ड्रॉप होने के बाद सूर्या का पहला रिएक्शन, इंस्टा पोस्ट में लिखी ये बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.