कॉकरोच के बाद अब ‘चींटी जनता पार्टी’ की एंट्री, BJP के पूर्व नेता ने बनाया नया राजनीतिक दल
Chinti Janta Party: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक और नई पार्टी की एंट्री हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा के बीच अब मेरठ से ‘चींटी जनता पार्टी’ के गठन का ऐलान किया गया है। इस नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व नेता अनूप राघव ने की है।
अनूप राघव का कहना है कि उनकी पार्टी का मकसद आम लोगों की समस्याओं और जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने बताया कि चींटी को मेहनत, अनुशासन, एकजुटता और लगातार संघर्ष का प्रतीक माना जाता है। इसी सोच से प्रेरित होकर पार्टी का नाम चींटी जनता पार्टी रखा गया है।
राघव ने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और आम वर्ग की आवाज को मजबूत मंच देने के लिए इस संगठन की स्थापना की गई है। उनका दावा है कि पार्टी गांव-गांव और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए जनता से सीधे संवाद करेगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में कई ऐसे मुद्दे हैं, जिनका समाधान अब तक नहीं हो सका है। उनकी पार्टी (Chinti Janta Party) इन जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेगी और लोगों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगी।
अनूप राघव करीब तीन दशक तक BJP से जुड़े रहे हैं और संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उनका कहना है कि पार्टी में रहते हुए वे भ्रष्टाचार और आम आदमी से जुड़े कई मुद्दों को प्रभावी तरीके से नहीं उठा पा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने अलग राजनीतिक मंच बनाने का फैसला लिया।
नई पार्टी के गठन के साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी उतरने का संकेत दिया है। राघव का दावा है कि चींटी जनता पार्टी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य किसी सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। आने वाले समय में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि Chinti Janta Party के किसी भी कार्यक्रम में देश विरोधी गतिविधियों या अराजक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं होगी।
Also Read: UP: बेरोजगारी, किसान और महंगाई पर गरजे चंद्रशेखर, कॉकरोच पार्टी पर कह दी ये बात

