Siddharthnagar News: भंडारे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मुस्लिम बुजुर्ग से जय श्रीराम का नारा लगवाने का आरोप
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद अंतर्गत डुमरियागंज क्षेत्र में बड़े मंगलवार के अवसर पर आयोजित एक भंडारे का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। वायरल हो रहे इस कथित वीडियो को लेकर इंटरनेट और स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं और विवाद शुरू हो गया है।
सिद्धार्थनगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें भोजन वितरण के दौरान एक बुजुर्ग से पहले नारे लगवाए जाने का दावा किया जा रहा है !!
वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई और सम्मान के साथ जरूरतमंदों की मदद करने की मांग उठी !!
प्रशासन की ओर से भी इस मामले पर विस्तृत बयान… pic.twitter.com/kgElJoaVG4— MANOJ SHARMA LUCKNOW UP🇮🇳🇮🇳🇮🇳 (@ManojSh28986262) June 16, 2026
बुजुर्ग से नारा लगाने को कहता दिखा युवक
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक धार्मिक भंडारे के दौरान प्रसाद वितरण का कार्य चल रहा है। इसी बीच, कतार में खड़े एक मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति को प्रसाद देने से पहले वहां मौजूद कुछ लोग “जय श्रीराम” का नारा लगाने के लिए कहते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद से ही विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर यूज़र्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

पूर्व विधायक के करीबी से जोड़ा जा रहा कनेक्शन
डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के बेहद करीबी और भारतीय जनता पार्टी के नेता व भनवापुर के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा से जोड़कर साझा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जहां कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे आपसी सौहार्द के खिलाफ बताया है, वहीं कुछ लोग इसे पूरी तरह धार्मिक आस्था और सामान्य संदर्भ से जोड़कर देख रहे हैं।

प्रशासनिक बयान और कार्रवाई का इंतजार
स्वतंत्र रूप से इस वायरल वीडियो की सत्यता और इसके पीछे के पूरे घटनाक्रम के संदर्भ की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर खबर लिखे जाने तक जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस या संबंधित राजनीतिक पक्ष की ओर से कोई भी आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया था। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय लोग और प्रबुद्ध वर्ग अब इस मामले में प्रशासनिक रुख और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: गोरखपुर में बन रहे यूपी के पहले आयुष विश्वविद्यालय पर बड़ा एक्शन, कंपनी पर केस दर्ज

