सिद्धार्थनगर में त्रिवेणी संगम, दिग्गजों की मौजूदगी में खरीफ उत्पादकता, मक्का गोष्ठी और प्राकृतिक खेती पर महामंथन
Siddharthnagar News: केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जनपद मुख्यालय पर एक विशाल कृषि चेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महामंथन में जिला स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी, त्वरित मक्का गोष्ठी और प्राकृतिक खेती कार्यशाला का एक साथ आयोजन हुआ। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
धरती की सेहत बचाने और आय बढ़ाने का आह्वान
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने किसानों से पारंपरिक रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक खेती को गले लगाने की भावुक अपील की। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से हमारी धरती मां की उर्वरा शक्ति दम तोड़ रही है। सरकार किसानों की जेब भरने और खेती को फायदे का सौदा बनाने के लिए दिन-रात काम कर रही है। सांसद ने जिले के गौरव ‘कालानमक चावल’, मखाने की खेती और कृषि क्षेत्र में आधुनिक ड्रोन व डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल पर विशेष बल दिया।

विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों की राय
नवाचार अपनाएं किसान: पूर्व मंत्री और बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने किसानों को मिट्टी की जांच (मृदा परीक्षण) कराने के बाद ही खाद डालने और नैनो यूरिया जैसी आधुनिक खादों को अपनाने की सलाह दी।
क्वालिटी बीज पर फोकस: शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि सरकार हर खेत तक बेहतरीन गुणवत्ता के बीज और संसाधन पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अर्थव्यवस्था की रीढ़: जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने जैविक खेती को देश की तरक्की का मुख्य आधार बताया।
अंगवस्त्र से हुआ प्रगतिशील किसानों का सम्मान
इस मौके पर लीक से हटकर प्राकृतिक और जैविक पद्धति से बंपर पैदावार करने वाले प्रगतिशील किसानों को मंच पर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी मुख्य अतिथियों ने कृषि विभाग द्वारा लगाई गई आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान

