FAF Du Plessis बने T20 में सबसे उम्रदराज सेंचुरियन, 41 की उम्र में शतक जड़ रचा इतिहास
मेजर लीग क्रिकेट 2026 का आगाज एक बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। सीजन के पहले मैच में सिएटल ऑर्कास और टेक्सास सुपर किंग्स आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ऑर्कास ने सिर्फ 2 विकेट खोकर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम के लिए टिम साइफर्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 104 रन बनाए और अपने टी20 करियर का छठा शतक पूरा किया। उनके साथ ओपनिंग करने वाले शायन जहांगीर ने भी 47 गेंदों पर 78 रन की बेहतरीन पारी खेली।
फाफ डु प्लेसी की तूफानी पारी ने बदल दिया मैच
221 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स की शुरुआत शानदार रही। टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए केवल 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए और टीम को 9 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। इस पारी के साथ 41 साल और 340 दिन के डु प्लेसी टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।
उन्होंने 41 साल और 65 दिन की उम्र में शतक लगाने वाले पॉल कॉलिंगवुड का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। खास बात यह भी है कि 40 साल की उम्र पार करने के बाद डु प्लेसी तीन टी20 शतक लगा चुके हैं, जबकि किसी अन्य बल्लेबाज ने इस उम्र के बाद एक से ज्यादा शतक नहीं बनाया है।
दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का रहा दबदबा
इस जीत में दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा। राइली रोसो ने 21 गेंदों में 49 रन बनाए और डु प्लेसी के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की। वहीं वियान मुल्डर ने 15 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। गेंदबाजी में नंद्रे बर्गर ने चार ओवर में सिर्फ 27 रन दिए और अहम 19वें ओवर में केवल 8 रन खर्च किए।

