एक पेड़ माँ के नाम अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना भी है: जसवंत सिंह
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश सरकार के एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को सिद्धार्थनगर के जिला मुख्यालय नौगढ़ विकास खंड स्थित धौरीकुईयां के समय माता मंदिर परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महाअभियान में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव एसवीएस रंगाराव, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधे लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया।

स्कूली बच्चों के पर्यावरण गीतों से गूंजा परिसर
समारोह की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह और सप्रेम पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने खूबसूरत स्वागत गीत और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया और माहौल को बेहद आकर्षक बना दिया।

केवल पौधा लगाना काफी नहीं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस विशेष आह्वान का मकसद केवल मिट्टी में पौधा गाड़ना नहीं है, बल्कि एक मां की तरह उसकी नियमित देखभाल कर उसे विशाल वृक्ष के रूप में तब्दील करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ जीवन और शुद्ध पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र रामबाण उपाय है। वहीं विधायक श्यामधनी राही और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने भी जनता से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और जल व पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

सिद्धार्थनगर को मिला 45 लाख से ज्यादा का टारगेट
जिले के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव एसवीएस रंगाराव ने महत्वपूर्ण आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस साल पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है। इसके तहत अकेले सिद्धार्थनगर जिले को 45 लाख 65 हजार 400 पौधे रोपने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस तय लक्ष्य से भी कहीं आगे निकलकर काम कर रहा है। रंगाराव ने विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प में हरित पर्यावरण (Green Environment) की भूमिका को सबसे जरूरी बताया और जिला टीम की पीठ थपथपाई।

डीएम ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्य अतिथियों समेत जिले की जनता का आभार जताया। इस खास मौके पर सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख रेनू मिश्रा, उपजिलाधिकारी राहुल सिंह, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, पीडी अनिल कुमार, डीएफओ नीला एम, और वन विभाग की एसडीओ बीना तिवारी सहित जिले के तमाम विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: बीजेपी के पौधारोपण अभियान पर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले- यह भ्रष्टारोपण है

