राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, बोले- वीडियो संदेश और सुझाव नहीं, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहिए

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया वीडियो संदेश पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम के बयान का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को सिर्फ सुझावों से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि उनकी मुख्य मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है। राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता में मौजूद छात्राओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि देर रात वीडियो बनाकर सकारात्मक सुझावों की बात करने से जिम्मेदारी से नहीं बचा जा सकता।

विभाग बदलना मंजूर नहीं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से दोहराया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को केवल शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे विभाग में ट्रांसफर कर देना विपक्ष और छात्रों को मंजूर नहीं होगा। राहुल के मुताबिक, बीजेपी कैबिनेट में उन्हें दूसरे मंत्रालय में भेजने पर विचार चल रहा है, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान परीक्षाओं में हुए भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ का प्रतीक बन चुके हैं, इसलिए उन्हें पूरी तरह से हटाया जाना चाहिए। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में अपनी तीन मुख्य शर्तें सामने रखीं।

शिक्षा मंत्री का निष्कासन: धर्मेंद्र प्रधान का मंत्रिमंडल से तुरंत इस्तीफा लिया जाए।

दोषियों पर जवाबदेही: आंदोलनकारी छात्रों के साथ मारपीट और बदसलूकी करने वालों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाए।

प्रधानमंत्री मांगें माफी: पूरे सिस्टम के प्रमुख होने के नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं के भविष्य के साथ हुई गड़बड़ियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

Also Read: पेपर लीक मामलों पर सुनवाई के लिए दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.