Ekana Stadium के पास खत्म होगा जाम, CG City में बनेगी 808 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग
Lucknow News: इकाना क्रिकेट स्टेडियम (Ekana Cricket Stadium) और पलासियो मॉल (Palassio Mall) के आसपास अक्सर लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने वाली है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने CG City में 38.47 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग (Multilevel Parking) का निर्माण शुरू कर दिया है। शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एलडीए के अनुसार, यह परियोजना भारत सरकार के अर्बन चैलेंज फंड (Urban Challenge Fund) के तहत विकसित की जा रही है। पार्किंग बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों और वीकेंड के दौरान इस इलाके में वाहनों के दबाव को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी।
808 वाहनों की होगी पार्किंग क्षमता
करीब 7,635.8 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रही इस मल्टीलेवल पार्किंग के लोअर और अपर बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था होगी। यहां एक साथ 458 दोपहिया और 350 चारपहिया वाहनों को पार्क किया जा सकेगा। वहीं, पार्किंग के ऊपरी हिस्से में लगभग 3,900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ग्रीन पार्क भी विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को पार्किंग के साथ बेहतर सार्वजनिक स्थान भी मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान LDA उपाध्यक्ष ने अर्बन वेटलैंड के पास बने नौसेना शौर्य संग्रहालय का भी जायजा लिया और उसके संचालन व रखरखाव को लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

नवंबर 2026 तक तैयार होगा अर्बन पार्क
CG City में ही एलडीए 20 करोड़ रुपये की लागत से 21 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक अर्बन पार्क (Urban Park) भी विकसित कर रहा है। इस पार्क में ओपन एयर थिएटर, फूड कोर्ट, लाइब्रेरी, वाटर बॉडी, स्पोर्ट्स एरिया, पाथ-वे, लैंडस्केपिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एलडीए ने अधिकारियों को नवंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर पार्क को आम लोगों के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं।
प्रथमेश कुमार ने सुशांत गोल्फ सिटी में विकसित हो रही एक निजी आवासीय परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आबादी के अनुरूप सड़क, नाली, ग्रीन बेल्ट और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं। साथ ही ग्रीन बेल्ट में अतिरिक्त निर्माण से बचने और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
Also Read: Lucknow में हाउस टैक्स बकायेदारों को बड़ी राहत, OTS योजना से 100% ब्याज होगा माफ

