BJP नेता निकला पप्पू यादव पर हमला करने वाला आरोपी, बुलंदशहर कनेक्शन आया सामने, पुलिस ने शुरू की जांच

UP News: दिल्ली में सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुए हंगामे के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस बीच सामने आया है कि मुख्य आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सुमित गोस्वामी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी के सिकंदराबाद नगर मंडल में मंत्री पद पर है। हालांकि, भाजपा की स्थानीय इकाई ने फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उधर, पुलिस आरोपी की पृष्ठभूमि और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुट गई है।

घटना के दौरान सुमित गोस्वामी के साथ उसका साथी हैप्पी शर्मा भी मौजूद था। पुलिस के अनुसार, वह बाहर कार में बैठा था। हैप्पी शर्मा बुलंदशहर के नैथला गांव का रहने वाला है और उसे भाजपा के बुलंदशहर ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है।

आरोपी के परिवार ने क्या कहा?

आरोपी सुमित गोस्वामी के भाई और शहपानी गांव के प्रधान भूपेंद्र ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी बाद में मिली। उनके मुताबिक, सुमित रविवार सुबह गाजियाबाद स्थित अपने कार्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह दिल्ली की घटना में शामिल होगा। वहीं, सिकंदराबाद के पुलिस अधिकारियों ने भी कहा कि उन्हें अभी तक इस मामले की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

बुलंदशहर पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य जानकारियां जुटा रही है। शुरुआती जांच में अब तक किसी पुराने आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने संसद परिसर में राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर किए गए नुक्कड़ नाटक को लेकर उठे विवाद पर सफाई देने के लिए अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। प्रेसवार्ता के दौरान सामने बैठे एक युवक ने उन्हें बीच में टोकना शुरू कर दिया।

Pappu Yadav द्वारा परिचय पूछे जाने पर युवक ने उनकी ओर एक वस्तु फेंक दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूरे मामले की जांच जारी है।

Also Read: पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मारपीट, सांसद का दावा- ‘चाकू लेकर मुझे मारने आया था शख्स’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.